Govinda: गोविंदा के दिवालिया होने की अफवाहों पर, मैनेजर ने क्या कहा?

2 Min Read

Govinda

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के दिवालिया होने और पैसों के लिए प्राइवेट इवेंट्स में डांस करने की खबरें पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इन अफवाहों पर अब अभिनेता के लंबे समय से मैनेजर शशि सिन्हा ने प्रतिक्रिया देते हुए सभी दावों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।शशि सिन्हा ने स्पष्ट कहा कि गोविंदा की आर्थिक स्थिति को लेकर फैल रही खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने बताया कि भले ही पिछले कुछ वर्षों में गोविंदा की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाईं, लेकिन उन्हें अब भी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े प्रोड्यूसरों और कलाकारों से काम के प्रस्ताव मिल रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि अभिनेता जल्द ही एक बड़े प्रोजेक्ट की घोषणा कर सकते हैं।

क्या है कारण?

हाल ही में गोविंदा को एयरपोर्ट पर टैक्सी से जाते हुए देखे जाने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति को लेकर अटकलें तेज हो गई थीं। इस पर सफाई देते हुए मैनेजर ने कहा कि एयरपोर्ट परिसर में निजी गाड़ियों के प्रवेश की अनुमति नहीं थी, इसलिए टैक्सी का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि गोविंदा के पास कई गाड़ियां हैं और दिवालिया होने की बात पूरी तरह गलत है।

प्राइवेट इवेंट्स और स्कूल कार्यक्रमों में डांस परफॉर्मेंस को लेकर भी मैनेजर ने कहा कि यह गोविंदा के पेशे का हिस्सा है और इसे आर्थिक संकट से जोड़ना गलत है। उन्होंने कहा कि अभिनेता अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और लगातार काम कर रहे हैं।

मैनेजर ने क्या कहा

मैनेजर ने यह भी बताया कि गोविंदा को जीवन में केवल एक बार आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा था, जब उन्होंने दूसरों की मदद के लिए अपनी जमा पूंजी तक इस्तेमाल कर ली थी। फिलहाल अभिनेता अपने होम बैनर “गोविंदा फिल्म्स इंटरनेशनल” के तहत नए प्रोजेक्ट की तैयारी में जुटे हैं।

Share This Article