Dulquer Salmaan:
बैंगलोर, एजेंसियां। साउथ स्टार दुलकर सलमान और अभिनेता पृथ्वीराज इन दिनों फिल्मों की बजाय फर्जी पंजीकरण कार मामले को लेकर चर्चा में हैं। मामला उन लग्जरी कारों से जुड़ा है, जिन्हें कस्टम विभाग ने जब्त किया था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये कारें भूटान से भारत तस्करी के जरिए आई थीं।
कोच्चि क्षेत्र के एक अधिकारी ने कहा
हाल ही में ईडी के कोच्चि क्षेत्रीय कार्यालय के एक अधिकारी ने इस मामले में नई जानकारी साझा की। जांच के तहत केरल और तमिलनाडु में 17 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यह तलाशी विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA), 1999 के तहत की जा रही है। इस अभियान में दुलकर सलमान, पृथ्वीराज और अन्य फिल्मी हस्तियों के घर और कार्यालयों के साथ-साथ एर्नाकुलम, त्रिशूर, कोझीकोड, मलप्पुरम, कोट्टायम और कोयंबटूर में वाहन मालिकों, ऑटो वर्कशॉप और व्यापारियों के परिसरों की तलाशी ली गई।
जांच में सामने आया है कि एक गिरोह भारत-भूटान और भारत-नेपाल मार्गों के जरिए लैंड क्रूजर, डिफेंडर जैसी लग्जरी कारों के अवैध आयात और फर्जी पंजीकरण में लिप्त था। इसके अलावा, यह नेटवर्क फर्जी दस्तावेज बनाकर फिल्मों के सितारों और अमीर ग्राहकों को तस्करी वाले वाहन बेचता था।
प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला
प्रारंभिक जांच से यह भी पता चला कि कोयंबटूर स्थित इस नेटवर्क ने जाली दस्तावेज और फर्जी आरटीओ पंजीकरण का इस्तेमाल किया। इसके चलते दुलकर सलमान और पृथ्वीराज सहित कई दक्षिण भारतीय कलाकारों के खिलाफ अनधिकृत विदेशी मुद्रा लेन-देन और वाहन तस्करी के मामले दर्ज किए गए हैं।ईडी का तलाशी अभियान और जांच अभी भी जारी है, और इससे जुड़े कई सुरागों की पड़ताल की जा रही है। इस मामले ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में विरोधाभास और विवाद को जन्म दिया है, क्योंकि कई फिल्मी सितारे अवैध वाहन तस्करी के जाल में फंस सकते हैं।
इसे भी पढ़ें
Sanjeev Singh house CBI raids: CCL सुरक्षा इंस्पेक्टर संजीव सिंह के घर CBI की छापेमारी


















