‘धुरंधर 2’ की शूटिंग में बवाल, बिना परमिशन ड्रोन उड़ाने पर FIR

3 Min Read

Dhurandhar 2

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड की चर्चित थ्रिलर फ्रेंचाइज़ी ‘धुरंधर’ की अगली कड़ी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। साउथ मुंबई के हाई-सिक्योरिटी फोर्ट इलाके में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के मामले में मुंबई पुलिस ने फिल्म के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, शूटिंग के दौरान फिल्म टीम ने ड्रोन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके लिए जरूरी प्रशासनिक और सुरक्षा अनुमति नहीं ली गई थी। यह इलाका सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील माना जाता है, जहां बिना इजाजत किसी भी तरह की गतिविधि पर सख्त नियम लागू हैं।

लोकेशन मैनेजर पर दर्ज हुआ केस

जानकारी के मुताबिक, लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मिकी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है, जो आधिकारिक आदेशों के उल्लंघन से संबंधित है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, ड्रोन को तुरंत नीचे उतरवाया गया और आरोपी को हिरासत में लिया गया।

शूटिंग के दौरान पहुंची पुलिस

बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय हुई जब फिल्म के अहम सीन की शूटिंग चल रही थी। सेट पर अभिनेता संजय दत्त ड्रामैटिक एंट्री सीन शूट कर रहे थे। अचानक पुलिस के पहुंचने से सेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और शूटिंग को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।

पहले भी लीक हो चुके हैं सेट के वीडियो

गौरतलब है कि इससे पहले भी ‘धुरंधर 2’ के सेट से कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो चुके हैं, जिनमें संजय दत्त और अर्जुन रामपाल नजर आए थे। इन लीक क्लिप्स ने जहां फैंस की उत्सुकता बढ़ाई थी, वहीं अब ड्रोन विवाद ने मेकर्स की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

19 मार्च को रिलीज होनी है फिल्म

आदित्य धर के निर्देशन में बनी ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और कुछ पैचवर्क शूट चल रहा था, लेकिन इस ताजा विवाद ने रिलीज से पहले टीम के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Share This Article