Dharmendra RIP: नहीं रहे बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र

2 Min Read

Dharmendra RIP:

मुंबई,एजेंसियां। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का आज निधन हो गया। 89 वर्षीय अभिनेता पिछले कई दिनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और घर पर ही उनका इलाज चल रहा था। कुछ दिन पहले उन्हें स्थिति बिगड़ने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 10 नवंबर को उनकी हालत गंभीर बताई गई थी और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किए जाने की खबरें भी सामने आई थीं। इस दौरान सलमान खान, शाहरुख खान, गोविंदा सहित कई सितारे उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।

आज सुबह अभिनेता ने अंतिम सांस ली

बीच में उनके निधन की अफवाहें भी फैली थीं, लेकिन उस समय उनकी पत्नी हेमा मालिनी, बेटी ईशा देओल और बेटे सनी देओल ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया था कि धर्मेंद्र की हालत में सुधार हो रहा है। हालांकि, आज सुबह अभिनेता ने अंतिम सांस ली, जिसके बाद फिल्म इंडस्ट्री और देशभर के प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है।धर्मेंद्र 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे। परिवार ने घर पर ही सादे तरीके से जश्न मनाने की तैयारी की थी, लेकिन जन्मदिन से ठीक 14 दिन पहले ही दिग्गज अभिनेता ने दुनिया को अलविदा कह दिया। सोशल मीडिया पर सेलेब्स और फैंस लगातार पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें:

धर्मेंद्र आखिरी बार शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे। उनकी अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’, जिसे श्रीराम राघवन ने डायरेक्ट किया है, 25 दिसंबर 2025 को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में वह अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा के पिता की भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

धर्मेंद्र के निधन से भारतीय सिनेमा ने अपनी सुनहरी पीढ़ी का एक और चमकता सितारा खो दिया है। उनके योगदान, उनकी विनम्रता और उनका सितारों जैसा कद आने वाली कई पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।

Share This Article