Dharmendra health news:
मुंबई, एजेंसियां। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की सेहत को लेकर चल रही अफवाहों के बीच अब परिवार की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है। अभिनेता की बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर बताया है कि उनके पिता की हालत स्थिर है और वह धीरे-धीरे सुधार की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, धर्मेंद्र के निधन की झूठी खबरें फैलाने पर हेमा मालिनी ने मीडिया चैनलों की कड़ी आलोचना की है।
ईशा देओल और हेमा मालिनी ने पोस्ट कर लिखा:
ईशा देओल ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “मीडिया बहुत ज्यादा एक्टिव हो गया है और झूठी खबरें फैला रहा है। मेरे पिता की हालत स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। आप सभी से रिक्वेस्ट है कि हमारे परिवार को प्राइवेसी दें। पापा के जल्दी ठीक होने के लिए दुआओं के लिए धन्यवाद।” इसी बीच, धर्मेंद्र की पत्नी और सांसद हेमा मालिनी ने भी सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जताई। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “जो हो रहा है वह माफ करने लायक नहीं है। जिम्मेदार चैनल एक ऐसे इंसान के बारे में झूठी खबरें कैसे फैला सकते हैं जो इलाज का जवाब दे रहा है। वह ठीक हो रहे हैं। यह बहुत ही अपमानजनक और गैर-जिम्मेदार हरकत है। कृपया परिवार और उनकी प्राइवेसी का सम्मान करें।”
धर्मेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार:
बता दें कि धर्मेंद्र को कुछ दिन पहले सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। धर्मेंद्र आखिरी बार करण जौहर की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए थे। अब वह निर्देशक श्रीराम राघवन की आने वाली युद्ध ड्रामा फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखाई देंगे, जो 1971 के भारत-पाक युद्ध के हीरो सेकेंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की सच्ची कहानी पर आधारित है।







