O Romeo
मुंबई, एजेंसियां। फिल्म ‘ओ रोमियो’ की रिलीज से पहले विवाद गहरा गया है। हुसैन ‘उस्तरा’ शेख की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के मेकर्स के खिलाफ सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर कर इसकी रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। उनका आरोप है कि फिल्म उनके दिवंगत पिता की अनधिकृत जीवनी पर आधारित है और इसमें उनकी छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है।
सनोबर शेख ने बताया
सनोबर शेख ने बताया कि उन्होंने निर्माता साजिद नाडियाडवाला, निर्देशक विशाल भारद्वाज और पत्रकार-लेखक हुसैन जैदी के खिलाफ दीवानी अदालत में केस दर्ज कराया है। इसके अलावा फिल्म में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों के खिलाफ मुंबई के जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में भी शिकायत की गई है।
सनोबर ने पिता के बारे में क्या बताया?
सनोबर का कहना है कि उनके पिता गैंगस्टर नहीं बल्कि एक पत्रकार थे, जिन्होंने अंडरवर्ल्ड के खिलाफ काम किया और पुलिस को कई अहम जानकारियां दीं। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में अपने पिता का प्रेस आईडी कार्ड भी दिखाया। उनका कहना है कि फिल्म की रिलीज से उनके परिवार की प्रतिष्ठा को अपूरणीय नुकसान हो सकता है।
क्या है मामला?
गौरतलब है कि हुसैन ‘उस्तरा’ शेख की 11 सितंबर 1998 को छोटा शकील गिरोह द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं फिल्म के मेकर्स ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि ‘ओ रोमियो’ एक काल्पनिक कहानी है और किसी व्यक्ति विशेष की जीवनी नहीं है।फिल्म 13 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी, फरीदा जलाल और विक्रांत मैसी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब इस मामले में अदालत का फैसला फिल्म की रिलीज पर असर डाल सकता है।







