Daldal X Review: प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई ‘दलदल’, भूमि पेडनेकर के अभिनय की हुई तारीफ

3 Min Read

Daldal X review:

मुंबई, एजेंसियां। भूमि पेडनेकर की नई क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज ‘दलदल’ 30 जनवरी 2026 को अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। अमृत राज गुप्ता के निर्देशन में बनी इस सात एपिसोड की सीरीज को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर दर्शकों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां एक ओर भूमि पेडनेकर के अभिनय की जमकर सराहना हो रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ दर्शकों ने इसकी कहानी और धीमी रफ्तार को लेकर आलोचना भी की है।

भूमि पेडनेकर के अभिनय पर दर्शकों की मुहर

सीरीज में भूमि पेडनेकर ने डीसीपी रीता फरेरा का किरदार निभाया है, जो एक सख्त, गंभीर और भीतर से टूटी हुई पुलिस अधिकारी हैं। कई दर्शकों का कहना है कि भूमि ने इस जटिल और भावनात्मक किरदार को पूरी ईमानदारी से निभाया है। एक यूजर ने लिखा, “दलदल में भूमि का अभिनय साबित करता है कि वह अपने अनुभव पर गर्व करने वाली कलाकार हैं और नए मानक स्थापित करती हैं।” वहीं कुछ यूजर्स ने इसे उनके करियर के बेहतरीन परफॉर्मेंस में से एक बताया।

कहानी और गति को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रिया

हालांकि, सभी दर्शक सीरीज से पूरी तरह संतुष्ट नजर नहीं आए। कुछ लोगों का कहना है कि सीरीज की कहानी बेहद गंभीर है और इसकी गति काफी धीमी है। एक यूजर ने लिखा, “दलदल के साथ संघर्ष करना पड़ा, यह सीरीज बहुत कम भावनाएं जगाती है।” वहीं कुछ ने इसे समाज की कड़वी सच्चाई दिखाने वाली सीरीज बताया, जबकि कुछ यूजर्स ने हल्के-फुल्के अंदाज में इसे ट्रोल भी किया।

क्या है ‘दलदल’ की कहानी

‘दलदल’ की कहानी मुंबई में हो रही सिलसिलेवार हत्याओं के इर्द-गिर्द घूमती है। जब चार महिला अधिकारियों को डीसीपी पद पर प्रमोशन दिया जाता है, तो इसे सिर्फ दिखावटी कदम माना जाता है। इसके बाद शहर में क्रूर हत्याओं की एक श्रृंखला शुरू होती है, जिसकी जांच की जिम्मेदारी रीता फरेरा को सौंपी जाती है। यह केस धीरे-धीरे उनके अतीत के जख्मों से भी जुड़ जाता है। सीरीज विश धामिजा के उपन्यास ‘भिंडी बाजार’ पर आधारित है।

कुल मिलाकर

‘दलदल’ एक गंभीर, भावनात्मक और मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है, जो हर दर्शक को शायद पसंद न आए, लेकिन क्राइम और डार्क थ्रिलर के शौकीनों के लिए यह एक बार देखने लायक सीरीज मानी जा रही है।

Share This Article