Dakait
मुंबई, एजेंसियां। साउथ और बॉलीवुड के दर्शकों के बीच चर्चा में बनी आदिवी शेष और मृणाल ठाकुर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘डकैत’ की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है। पहले यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसे पोस्टपोन कर 10 अप्रैल 2026 को रिलीज करने का फैसला लिया है। यह फैसला रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ से बॉक्स ऑफिस क्लैश से बचने के लिए लिया गया है।
बड़े क्लैश से बचने की रणनीति
19 मार्च को ईद और गुड़ी पड़वा के मौके पर तीन बड़ी फिल्मों के एक साथ रिलीज होने की संभावना थी। ऐसे में मेकर्स को डर था कि क्लैश का असर फिल्म की कमाई और दर्शकों की प्रतिक्रिया पर पड़ सकता है। इसलिए प्रोड्यूसर्स ने रिलीज डेट आगे बढ़ाकर फिल्म को बेहतर अवसर देने का फैसला किया। मेकर्स ने बयान जारी कर दोनों फिल्मों और उनकी टीम के प्रति सम्मान जताया और कहा कि हर फिल्म को दर्शकों तक सही तरीके से पहुंचाने के लिए यह कदम जरूरी था।
फिल्म की कहानी और स्टार कास्ट
‘डकैत’ का निर्देशन डेब्यू डायरेक्टर शैनेल देव ने किया है। फिल्म में आदिवी शेष एक पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि मृणाल ठाकुर उनके साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी दो पुराने प्रेमियों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हालात के चलते कई डकैतियों को अंजाम देते हैं और उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है। फिल्म में प्रकाश राज और अनुराग कश्यप भी अहम किरदार निभा रहे हैं।
आज के दौर की शोले’ बताई फिल्म
आदिवी शेष ने फिल्म को लेकर कहा है कि ‘डकैत’ आधुनिक दौर की ‘शोले’ जैसी कहानी है, जिसमें इमोशन, एक्शन और ड्रामा का जबरदस्त मिश्रण देखने को मिलेगा। नियो-वेस्टर्न स्टाइल में बनी यह फिल्म दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने का दावा कर रही है।










