Arjun Rampal got engaged
मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन रामपाल इन दिनों अपनी फिल्म धुरंधर की सफलता के साथ-साथ अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। 53 वर्षीय अभिनेता ने हाल ही में यह पुष्टि कर दी है कि वह अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर गैब्रिएला डेमेट्रियड्स से सगाई कर चुके हैं। इस खुलासे के बाद फैंस के बीच यह जानने की उत्सुकता बढ़ गई है कि आखिर कौन हैं वह हसीना, जिनके साथ अर्जुन पिछले छह सालों से अपनी ज़िंदगी साझा कर रहे हैं।
पॉडकास्ट में हुआ सगाई का खुलासा
अर्जुन रामपाल ने यह खुशखबरी रिया चक्रवर्ती के पॉडकास्ट के दौरान दी। बातचीत के एक हिस्से में जब गैब्रिएला के साथ उनके रिश्ते पर सवाल उठा, तो अर्जुन ने सहज अंदाज़ में बताया कि वे दोनों पहले से ही एंगेज्ड हैं। कपल ने जानबूझकर किसी बड़े एलान के बजाय इस तरह शांत और निजी तरीके से सगाई की बात सामने रखी।
6 साल का रिश्ता और दो बच्चे
अर्जुन और गैब्रिएला पिछले करीब छह साल से साथ हैं और उनके दो बेटे हैं। बड़े बेटे आरिक का जन्म 2019 में हुआ था, जबकि छोटे बेटे आरिव का जन्म 2023 में हुआ। दोनों अपने बच्चों और पारिवारिक जीवन को लाइमलाइट से दूर रखना पसंद करते हैं, हालांकि कभी-कभी सोशल मीडिया पर उनकी झलक देखने को मिल जाती है।
रिश्ते की शुरुआत और समझ
अर्जुन ने बताया कि शुरुआत में वह गैब्रिएला की खूबसूरती से प्रभावित हुए थे, लेकिन समय के साथ उनके व्यक्तित्व और सोच से गहरा जुड़ाव हो गया। हाल ही में गैब्रिएला ने अर्जुन के जन्मदिन पर एक भावुक पोस्ट साझा कर उनके साथ अपने रिश्ते और परिवार की अहमियत को खूबसूरती से बयान किया था।
शादी पर अर्जुन का नजरिया
अर्जुन पहले भी कह चुके हैं कि शादी उनके लिए सिर्फ एक कानूनी औपचारिकता है और रिश्ता आपसी समझ से मजबूत होता है। गैब्रिएला से पहले उनकी शादी मॉडल मेहर जेसिया से हुई थी, जिनसे उनकी दो बेटियां हैं।
कौन हैं गैब्रिएला डेमेट्रियड्स?
साउथ अफ्रीका में जन्मी गैब्रिएला एक सफल मॉडल, फैशन डिजाइनर और एंटरप्रेन्योर हैं। उन्होंने कम उम्र में मॉडलिंग शुरू की और बाद में अपना क्लोदिंग ब्रांड भी लॉन्च किया। अब वह अर्जुन रामपाल की ज़िंदगी की सबसे अहम साथी बन चुकी हैं।


















