GST raid at celebrity house
मुंबई, एजेंसियां। टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्री अंकिता लोखंडे और उनके पति विक्की जैन उस समय सुर्खियों में आ गए, जब उनकी शादी की चौथी सालगिरह के जश्न के बीच उनके परिवार से जुड़े ठिकानों पर GST विभाग की छापेमारी की खबर सामने आई। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित विक्की जैन के आवास और उनके कारोबारी समूह से जुड़ी कई जगहों पर की गई, जिससे मनोरंजन जगत के साथ-साथ कारोबारी हलकों में भी हलचल मच गई।
कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनियों पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी विक्की जैन के पारिवारिक कोयला कारोबार से जुड़ी कंपनियों पर हुई है। छत्तीसगढ़ राज्य GST विभाग की रायपुर से आई प्रवर्तन टीमों ने एक साथ कई ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दायरे में ऑफिस, आवासीय परिसर, कोल वॉशरी और औद्योगिक यूनिट्स शामिल रहीं। यह कार्रवाई सुबह शुरू होकर देर रात तक चली।
टैक्स में अनियमितताओं का शक
GST अधिकारियों को शुरुआती जांच में इनपुट टैक्स क्रेडिट और लेन-देन में गड़बड़ी का संदेह हुआ है। जांच के दौरान संबंधित कंपनियों की ओर से बड़ी रकम जमा कराई गई। पहले चरण में लगभग 10 करोड़ रुपये, फिर अगले दिन 11 करोड़ रुपये और एक अन्य कोल वॉशरी से करीब 6.5 करोड़ रुपये जमा किए गए। इस तरह कुल 27.5 करोड़ रुपये की राशि सामने आई है, जिसे संभावित टैक्स देनदारी के तौर पर देखा जा रहा है।
सालगिरह के जश्न पर पड़ा साया
यह मामला ऐसे समय पर सामने आया जब अंकिता लोखंडे ने अपनी शादी की सालगिरह पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर की थी। उन्होंने अपने चार साल के रिश्ते को विश्वास, दोस्ती और धैर्य का नाम दिया था, जिसे फैंस का खूब प्यार मिला। हालांकि, GST छापेमारी की खबर ने इस खुशी के मौके पर अनचाहा साया डाल दिया।
अभी जारी है जांच
फिलहाल अंकिता लोखंडे या विक्की जैन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। GST विभाग का कहना है कि जांच अभी जारी है और जमा की गई राशि प्रारंभिक आकलन का हिस्सा है। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


















