Alia Bhatt International Honor
रियाद, एजेंसियां। बॉलीवुड की सुपरस्टार और बहुमुखी अभिनेत्री आलिया भट्ट ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ाया है। सऊदी अरब के जेद्दा में आयोजित रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2025 में आलिया को प्रतिष्ठित गोल्डन ग्लोब्स होराइजन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह अवॉर्ड उन अभिनेताओं और कलाकारों को दिया जाता है जो वैश्विक सिनेमा में नए दिशा-निर्देश स्थापित कर रहे हैं। आलिया के साथ ट्यूनीशियाई अभिनेत्री हेंड सबरी को भी उमर शरीफ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
आलिया ने जताई गर्व और खुशी
अवार्ड प्राप्त करने के बाद आलिया भट्ट ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि गोल्डन ग्लोब्स द्वारा सम्मानित होना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि वह इस सम्मान को दुनिया भर की उन महत्वाकांक्षी महिला कलाकारों को समर्पित करती हैं, जो फिल्म और टेलीविजन में नई कहानियों और नए दृष्टिकोण ला रही हैं।आलिया ने यह भी कहा कि आज का समय कहानी कहने की शक्ति को जोड़ने का है, ऐसे में यह अवॉर्ड और भी खास हो जाता है।
गोल्डन ग्लोब्स ने सराहा आलिया का योगदान
गोल्डन ग्लोब्स की अध्यक्ष हेलेन होहेन ने आलिया की सराहना करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में उनका योगदान असाधारण है। उन्होंने कहा कि यह अवॉर्ड न सिर्फ आलिया की उपलब्धियों को सम्मानित करता है, बल्कि मध्य पूर्व में फिल्म और टेलीविजन के उभरते प्रभाव को भी दर्शाता है। रेड सी फिल्म फेस्टिवल वैश्विक कलाकारों, फिल्ममेकरों और क्रिएटिव इंडस्ट्री के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है, जहां आलिया की उपस्थिति और सम्मान भारत के सिनेमा के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।
आलिया का आने वाला प्रोजेक्ट—‘अल्फा’
वर्कफ्रंट की बात करें तो आलिया अब यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स में प्रवेश कर चुकी हैं। वह जल्द ही फिल्म ‘अल्फा’ में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ शरवरी वाघ और बॉबी देओल अहम भूमिकाओं में होंगे। इससे पहले आलिया फिल्म ‘जिगरा’ में दिखाई दी थीं, जिसने उनके अभिनय की फिर से व्यापक सराहना कराई।

















