Alia Bhatt social media: सोशल मीडिया से दूरी बनाना चाहती हैं आलिया भट्ट, बोलीं– सिर्फ एक्टिंग पर फोकस करना चाहती हूं

3 Min Read

Alia Bhatt social media

मुंबई, एजेंसियां। बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की। एस्क्वायर इंडिया से बातचीत में आलिया ने बताया कि मदरहुड ने उनकी सोच और जीवन को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक स्तर पर भी बहुत गहरा होता है। आलिया के मुताबिक, नौ महीनों में शरीर और माइंडसेट बदलते हैं, लेकिन जब बच्चा जिंदगी में आता है तो इंसान पहले जैसा कभी नहीं रह पाता।

सोशल मीडिया से दूरी बनाने की इच्छा

इसी बातचीत में आलिया भट्ट ने यह भी खुलासा किया कि कई बार उनका मन अपना सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट करने का करता है। उन्होंने कहा, “कई सुबह ऐसी होती हैं जब मैं सोचती हूं कि बस सोशल मीडिया छोड़ दूं और एक ऐसी एक्ट्रेस बनूं जो सिर्फ एक्टिंग करे।” आलिया ने माना कि सोशल मीडिया से जुड़ी चर्चाएं और लगातार निगरानी उन्हें थका देती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि ऐसा करने से उन फैन्स से संपर्क टूट जाएगा, जिन्होंने करियर की शुरुआत से उनका साथ दिया है, इसलिए वे चाहकर भी यह कदम नहीं उठा पा रही हैं।

पर्सनल लाइफ को रखना चाहती हैं प्राइवेट

आलिया ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी ईमानदारी से बात की। उन्होंने कहा कि उनकी पर्सनल लाइफ बहुत पर्सनल है और उसे सबके सामने लाना उनके लिए आसान नहीं होता। उन्होंने बताया कि उनकी फोटो गैलरी ज्यादातर बेटी राहा की तस्वीरों से भरी रहती है और अपनी खुद की तस्वीरें क्लिक कराने में भी उन्हें मेहनत करनी पड़ती है।

वर्क फ्रंट पर व्यस्त आलिया

वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया भट्ट अपनी बहन शाहीन भट्ट के साथ प्राइम वीडियो के लिए रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘डोंट बी शाय’ प्रोड्यूस कर रही हैं। इसके अलावा, वह संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर और विक्की कौशल के साथ नजर आएंगी। साथ ही, यशराज फिल्म्स की ‘अल्फा’ में भी आलिया अहम भूमिका निभाती दिखेंगी।

Share This Article