Abhishek Pathak: शादी के दो साल बाद अभिषेक पाठक–शिवालिका ओबेरॉय के घर खुशियों ने दी दस्तक, जल्द बनेंगे मम्मी-पापा

2 Min Read

Abhishek Pathak

मुंबई, एजेंसियां। फिल्म दृश्यम 2 के निर्देशक अभिषेक पाठक और उनकी पत्नी, अभिनेत्री शिवालिका ओबेरॉय के घर खुशियों ने दस्तक दे दी है। शादी के करीब दो साल बाद यह कपल अपने पहले बच्चे का स्वागत करने जा रहा है। शुक्रवार, 19 दिसंबर को दोनों ने सोशल मीडिया पर एक प्यारी पोस्ट शेयर कर प्रेगनेंसी की खुशखबरी फैंस के साथ साझा की।

इंस्टाग्राम पोस्ट से किया ऐलान

अभिषेक और शिवालिका ने इंस्टाग्राम पर एक जॉइंट पोस्ट शेयर की, जिसमें क्रिसमस थीम नजर आई। एक तस्वीर में शिवालिका रेड आउटफिट में बेबी सॉक्स पकड़े दिखीं, जबकि अभिषेक उन्हें गले लगाए खड़े हैं। दूसरी तस्वीर में क्रिसमस ट्री पर लगे टैग पर लिखा था, “बेबी पाठक 2026 में आ रहा है।” इन तस्वीरों में कपल के चेहरे नजर नहीं आ रहे, लेकिन खुशी साफ झलक रही है।

कैप्शन में जाहिर की खुशी

इस खास पल को शेयर करते हुए कपल ने कैप्शन में लिखा, “हमारी लव स्टोरी को उसका सबसे प्यारा चैप्टर मिल गया है। एक नन्हा सा आशीर्वाद हमारे जीवन में शामिल होने जा रहा है।” पोस्ट सामने आते ही फैंस और सेलेब्स ने बधाइयों की बौछार कर दी।

सेलेब्स और फैंस ने दी शुभकामनाएं

रकुल प्रीत सिंह, इशिता दत्ता, ईशा गुप्ता और शारिब हाशमी समेत कई सितारों ने कमेंट सेक्शन में कपल को बधाई दी। फैंस भी इस जोड़ी के लिए खुशी जाहिर करते नजर आए।

ऐसे शुरू हुई थी लव स्टोरी

अभिषेक पाठक और शिवालिका ओबेरॉय की पहली मुलाकात साल 2020 में फिल्म खुदा हाफिज के सेट पर हुई थी। साथ काम करते-करते दोनों करीब आए और प्यार में पड़ गए। बाद में अभिषेक ने तुर्की में शिवालिका को प्रपोज किया। फरवरी 2023 में गोवा में दोनों ने शादी की थी। अब यह जोड़ी अपने जीवन के नए और खूबसूरत अध्याय की शुरुआत करने जा रही है।

Share This Article