STET 2025: संशोधित रिजल्ट की मांग को लेकर छात्रों ने घेरा BSEB कार्यालय

2 Min Read

STET 2025

पटना, एजेंसियां। STET 2025 परीक्षा में असफल छात्रों ने सोमवार को बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी छात्र संशोधित रिजल्ट जारी किये जाने की मांग कर रहे थे। उनका आरोप है कि बोर्ड ने गलत उत्तर कुंजी के आधार पर रिजल्ट जारी किया है।

भारी मात्रा में पुलिसबल तैनात

प्रदर्शनकारी छात्रों ने धरने पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए BSEB कार्यालय के बाहर आवाजाही प्रभावित रही। बोर्ड की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया और बज्र वाहन भी मौके पर लाया गया। हालांकि, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा।

छात्रों की मुख्य शिकायते

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि STET परीक्षा में कई प्रश्नों के उत्तर गलत दिए गए थे। इसके बावजूद बोर्ड ने आपत्तियों पर विचार किए बिना अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। छात्रों का कहना है कि सही उत्तरों के अनुसार मूल्यांकन किया गया होता तो वे परीक्षा में उत्तीर्ण हो सकते थे। छात्रों ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा शिक्षक बहाली चरण-4 के तहत 26 हजार से अधिक पदों पर भर्ती जल्द निकलेगी, लेकिन STET में असफल घोषित होने के कारण वे इस प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाएंगे, जिससे उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने बोर्ड से मांग की कि गलत उत्तरों के अनुसार अंक जोड़कर जल्द से जल्द संशोधित परिणाम जारी किया जाए।

Share This Article