Ranchi board exam 2026: रांची में 3 फरवरी से 87 केंद्रों पर 32,723 परीक्षार्थी मैट्रिक व 52 केंद्रों पर 32,243 देंगे इंटर की परीक्षा

2 Min Read

Ranchi board exam 2026

रांची। झारखंड में मैट्रिक और इंटर की परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू हो रही हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने की। इसमें डीइओ विनय कुमार सहित जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक उपस्थित रहे।

बैठक में परीक्षा की निष्पक्षता, सुरक्षा, अनुशासन एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।

रांची में मैट्रिक के 87 केंद्र

मैट्रिक परीक्षा के लिए जिले में 87 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 32,723 परीक्षार्थी शामिल होंगे। ये केंद्र जिला मुख्यालय, अनुमंडल एवं संबंधित प्रखंड मुख्यालयों में स्थित हैं।

रांची में इंटर के 52 केंद्र

वहीं, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 52 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 32,243 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

ये केंद्र मुख्य रूप से जिला मुख्यालय एवं बुंडू अनुमंडल (खलारी एवं सिल्ली प्रखंड सहित) में बनाए गए हैं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों, स्कूल–कॉलेज प्रबंधन एवं परीक्षार्थियों से परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हो सके।

प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समयः परीक्षाएं 3 फरवरी से 23 फरवरी तक संचालित होंगी। मैट्रिक परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 09:45 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक तथा इंटरमीडिएट परीक्षा द्वितीय पाली में अपराह्न 02:00 बजे से 05:15 बजे तक आयोजित होगी। प्रश्न-पत्र वितरण के लिए पांच मिनट का अतिरिक्त समय तथा परीक्षार्थियों को प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।

Share This Article
Exit mobile version