JPSC: 14th JPSC के लिए कार्मिक ने सभी विभागों से मांगी रिक्तियां

3 Min Read

JPSC:

रांची। 14 वीं जेपीएससी की परीक्षा के लिए कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने सरकार के सभी विभागों से रिक्तियों का ब्योरा मांगा है। इसे लेकर सभी विभागों को पत्र भेजा गया है। विभागों से कहा गया है कि वह जितनी जल्दी हो सके रिक्तियां उपलब्ध कराए।

प्राप्त रिक्तियों के आधार पर जेपीएससी को भेजी जायेगी अधियाचनाः

विभागों से प्राप्त रिक्तियों की गणना करने के बाद कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग जेपीएससी को प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करने के लिए अधियाचना भेजेगा। उसमें राज्य प्रशासनिक सेवा, राज्य पुलिस सेवा, राज्य सूचना सेवा, राज्य वित्त सेवा सहित अन्य सेवाओं की अलग अलग रिक्तियां दर्ज होंगी। इसी के अनुसार फिर जेपीएससी प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित करेगा।

एक साथ 3 साल की हुई थी पिछली परीक्षाः

11 वीं से 13 वीं जेपीएससी परीक्षा का रिजल्ट 25 जुलाई को आया था। एक साथ तीन वर्षों के लिए ली गयी परीक्षा में कुल 342 रिक्तियां थी। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 14 वीं जेपीएससी की प्रतियोगिता परीक्षा में रिक्तियों की संख्या कम होने की संभावना है। एक अनुमान के अनुसार यह आंकड़ा इस बार लगभग 200 के नीचे रह सकता है।

राज्य गठन के 25 वर्षों में जेपीएससी की मात्र 13 परीक्षाएं हुई

15 नवंबर 2000 को अलग झारखंड राज्य का निर्माण हुआ। अलग राज्य का गठन हुए 25 वर्ष बीतने को है। लेकिन जेपीएससी ने अब तक मात्र 13 संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा का ही आयोजन कर सका है। इनमें भी लगभग सभी प्रतियोगिता परीक्षाओं को लेकर विवाद उठता रहा है। मामला हाईकोर्ट में जाता रहा है। इसलिए अब सरकार जेपीएससी की प्रतियोगिता परीक्षाओं को नियमित करने की मंशा से तेजी से कदम उठा रही है।

बीपीएससी अब तक 70 प्रतियोगिता परीक्षाएं ले चुका

बिहार लोक सेवा आयोग का गठन 1 नवंबर 1956 को हुआ। उस समय से बीपीएससी लगातार संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन करता जा रहा है। अपने गठन के 69 वर्षों में बीपीएससी 70 संयुक्त सिविल सेवा प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन कर चुका है। इतना ही नहीं बीपीएससी ने 71 वीं परीक्षा का भी शिड्युल जारी क दिया है। सितंबर में 71 वीं बीपीएससी की पीटी होगी।

इसे भी पढ़ें

JPSC: झारखंड में JPSC 14वीं परीक्षा का इंतजार खत्म, आयोग जल्द जारी करेगा नोटिफिकेशन


Share This Article
कोई टिप्पणी नहीं