JSSC CGL Result 2023:
रांची। झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने सामान्य स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)–2023 का रिजल्ट जारी कर दिया। इस परीक्षा में कुल 1932 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर सफल घोषित किया गया है। हालांकि यह परीक्षा 2025 पदों के लिए ली गई थी। इस प्रकार अभी भी 83 पद खाली रह गये हैं। आयोग ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि ये 83 रिक्त पद कैसे भरे जायेंगे।
2023 से चल रही नियुक्ति प्रक्रियाः
जेएसएससी ने वर्ष 2023 में राज्य के विभिन्न विभागों में 2025 पदों पर नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया शुरू की थी। आयोग ने जारी परिणाम में विभिन्न पदों पर सफल अभ्यर्थियों की संख्या इस प्रकार बताई है:
सहायक प्रशाखा पदाधिकारी – 847 पद
कनीय सचिवालय सहायक – 293 पद
श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी – 170 पद
प्लानिंग असिस्टेंट – 4 पद
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी – 191 पद
प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी – 249 पद
अंचल निरीक्षक सह कानूनगो – 178 पद
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ रिजल्टः
3 दिसंबर को झारखंड हाईकोर्ट ने प्रकाश कुमार और अन्य की जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए जेएसएससी को CGL-2023 का रिजल्ट जल्द प्रकाशित करने का आदेश दिया था। अदालत ने राज्य सरकार को सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरा करने का निर्देश भी दिया था। इसके बाद आयोग ने परिणाम जारी कर दिया।
मार्क्स, कटऑफ और अंतिम सूची जारी होना बाकीः
जेएसएससी ने कहा है कि सभी चयनित अभ्यर्थियों के अंक, कटऑफ, और विभागवार रिक्तियों के अनुसार अंतिम सूची छठे चरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी। आयोग इस संबंध में अलग से सूचना जारी करेगा।
10 साल से चल रही CGL नियुक्ति प्रक्रियाः
सामान्य स्नातक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा की प्रक्रिया पिछले 10 साल से जारी है। हर बार किसी न किसी कारण चयन प्रक्रिया अधूरी रह जाती थी। इस बार भी कुछ व्यवधान आए, मगर अंततः जेएसएससी ने परिणाम घोषित कर दिया।
CGL–2023 में कुल 3,04,769 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से 1932 सफल हुए हैं।
10 अभ्यर्थियों का रिजल्ट रोका गयाः
आयोग ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर एसआईटी की अंतिम जांच रिपोर्ट आने तक 10 अभ्यर्थियों का परिणाम रोका गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
कुछ उम्मीदवारों के अधूरे या गलत दस्तावेजों के कारण भी परिणाम अस्थायी रूप से रोका गया है। आवश्यक प्रमाणपत्र जमा करने पर परिणाम संशोधित किया जा सकता है।
कटऑफ में संशोधन संभवः
जेएसएससी ने स्पष्ट किया है कि यदि चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि, मिसमैच या मॉडरेशन में गलती पाई जाती है, तो आयोग उसे संशोधित करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।


















