JPSC Civil Services Exam 2025
रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग यानी JPSC ने एक बार फिर सिविल सेवा संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2025 की पीटी मतलब प्रारंभिक परीक्षा की तारीख बदल दी है। पहले यह परीक्षा 8 मार्च 2026 को होनी थी, फिर इसे बढ़ाकर 15 मार्च 2026 किया गया। अब नई तारीख 12 अप्रैल 2026 तय की गई है। आयोग ने इसकी संबंधित में अधिसूचना जारी कर दी है।
प्रशासनिक कारणों से बदला शेड्यूल
आयोग की ओर से कहा गया है कि प्रशासनिक कारणों से परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया गया है। परीक्षा राज्य के अलग-अलग जिला मुख्यालयों में निर्धारित केंद्रों पर होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें और नई तारीख के अनुसार अपनी तैयारी करें।
कुल 103 पदों पर होगी बहाली
इस संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा के जरिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कुल 103 पदों पर नियुक्ति होनी है। इनमें कई अहम पद शामिल हैं, जैसे : उपसमाहर्ता, डीएसपी, जिला समादेष्टा, प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO), सहायक नगर आयुक्त और सहायक निदेशक सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी।
आयु सीमा में बदलाव
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड के संकल्प के अनुसार आयु सीमा की गणना तिथि में संशोधन किया गया है।
अब अधिकतम आयु सीमा की गणना तिथि 01 अगस्त 2022 से होगी।
वहीं, न्यूनतम आयु सीमा की गणना तिथि 01 अगस्त 2026 से होगी।
आयोग ने साफ किया है कि यह व्यवस्था सिर्फ झारखंड संयुक्त असैनिक प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए ही मान्य होगी।
आवेदन की तारीख बढ़ी, फीस जमा करने की डेडलाइन तय
इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की अवधि बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 26 फरवरी 2026 से 9 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक One Time Registration (OTR) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा शुल्क जमा करने का लिंक 10 मार्च 2026 शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन उम्मीदवारों ने पहले ही ऑनलाइन आवेदन कर दिया है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं है।
HC के आदेश के बाद कुछ याचिकाकर्ताओं को राहत
कुछ अभ्यर्थियों द्वारा दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए झारखंड हाईकोर्ट ने 20 फरवरी 2026 को आदेश पारित किया था। इसके आलोक में संबंधित याचिकाकर्ताओं को भी प्रारंभिक परीक्षा का आवेदन भरने की अनुमति दी गई है।
दो पालियों में होगी परीक्षा
प्रारंभिक परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रश्नपत्र वस्तुनिष्ठ यानी Objective Type होंगे। जो अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में सफल होंगे, उन्हें मुख्य परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा।








