JAC Matric-Inter exams 2026
रांची। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा आयोजित मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा–2026 मंगलवार 3 जनवरी से शुरू हो गई है। ये परीक्षाएं 23 फरवरी तक चलेगी। इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा के लिए 1232 और इंटरमीडिएट के लिए 757 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 4,23,861 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें मैट्रिक के 3,24,321 और इंटर के 99,540 परीक्षार्थी हैं।
पदो पालियों में हो रही परीक्षा
परीक्षा दो पालियों में हो रही है। मैट्रिक की परीक्षा पहली पाली में सुबह 9.45 बजे से दोपहर 12.35 बजे तक होगी। वहीं इंटरमीडिएट की परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.15 बजे तक चलेगी।
रांची में 139 केंद्रों पर परीक्षा
रांची जिले में कुल 139 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मैट्रिक के 87 और इंटर के 52 केंद्र शामिल हैं। जिले में मैट्रिक के 32,723 और इंटर के 23,197 परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे।
कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी
परीक्षा के दौरान किसी भी समस्या के समाधान के लिए जैक कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। जानकारी या शिकायत के लिए मोबाइल नंबर 79090-84613 और 93041-07317 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा रांची स्थित जैक कार्यालय, संताल परगना प्रमंडल कार्यालय दुमका सहित सभी प्रमंडलीय कार्यालयों में भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। रांची कार्यालय के नंबर 7485093433, 7485093436 और 0651-2261466 जारी किए गए हैं। दुमका कार्यालय के लिए 8969269055 और 06434-236134 नंबर दिए गए हैं।
जैक ने जारी किये निर्देश
जैक ने सभी केंद्राधीक्षकों और जिला प्रशासन को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अभिभावकों, शिक्षकों, परीक्षार्थियों और आम लोगों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें।
फर्जी प्रश्नपत्र वायरल करने पर सख्त कार्रवाई
जैक ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर फर्जी या पुराने प्रश्नपत्र वायरल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था
ट्रैफिक डीएसपी प्रमोद केशरी ने बताया कि परीक्षा के दौरान शहर में विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की गई है। दोपहर 12.30 बजे और शाम 5.00 बजे के बाद खास निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।












