CGL-2023 पास युवाओं को बड़ी सौगात, 30 दिसंबर को सीएम हेमंत सौंपेंगे नियुक्ति पत्रत

2 Min Read

CGL-2023

रांची। झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (सीजीएल)-2023 में सफल अभ्यर्थियों के लिए राज्य सरकार बड़ी सौगात देने जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 30 दिसंबर को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित विशेष समारोह में 2015 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। इसे लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय ने कैबिनेट विभाग और जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दे दिया है।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ परिणाम

सीजीएल-2023 परीक्षा को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो झारखंड हाईकोर्ट तक पहुंचा। लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने 3 दिसंबर 2025 को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) को परीक्षा परिणाम जारी करने का आदेश दिया। इसके बाद 8 दिसंबर को नेपाल गए 10 अभ्यर्थियों को छोड़कर सभी सफल उम्मीदवारों का परिणाम घोषित किया गया।

प्रमाण पत्र जांच के बाद तय हुई तारीख

परिणाम जारी होने के बाद संबंधित विभागों ने सभी सफल अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच प्रक्रिया पूरी की। सभी औपचारिकताएं पूरी होने और मुख्यमंत्री की सहमति मिलने के बाद नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की तारीख तय की गई।

इन पदों पर होगी नियुक्ति

सीजीएल-2023 के माध्यम से 847 अभ्यर्थियों का चयन सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) के लिए हुआ है। इसके अलावा 293 कनिष्ठ सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक पद के लिए अभ्यर्थी सफल हुए हैं।

सरकार की रणनीति पर नजर

सूत्रों के मुताबिक राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट में संभावित हस्तक्षेप से पहले नियुक्ति पत्र बांटकर सीजीएल परीक्षा से जुड़े विवाद को समाप्त करना चाहती है। हालांकि, कुछ अभ्यर्थियों ने सुप्रीम कोर्ट में कैविएट दायर की है, जिस पर अब तक कोई फैसला नहीं आया है। बावजूद इसके, सरकार नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के मूड में नजर आ रही है।

Share This Article