Board exams postponed
नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने मिडिल ईस्ट के कई देशों में आयोजित होने वाली 12वीं बोर्ड परीक्षाओं को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार 12 से 16 मार्च 2026 के बीच होने वाली परीक्षाएं फिलहाल टाल दी गई हैं। बोर्ड ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ते तनाव और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। खासतौर पर इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर मध्य पूर्व के कई इलाकों में देखा जा रहा है, जिससे छात्रों और अभिभावकों में असमंजस की स्थिति बन गई है।
इन देशों में स्थगित हुई परीक्षाएं
सीबीएसई के अनुसार मध्य पूर्व के जिन देशों में परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, उनमें बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं।
14 मार्च को होगी दोबारा समीक्षा
बोर्ड ने बताया कि 14 मार्च 2026 को स्थिति की दोबारा समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आगे की परीक्षाओं के लिए नई तारीखों की घोषणा की जाएगी। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूलों से संपर्क में रहें और आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें।
भारत में तय समय पर होंगे एग्जाम
सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला केवल मिडिल ईस्ट के देशों के लिए लिया गया है। भारत में 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही हैं। देश में परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएंगी।







