Amit Shah:
नई दिल्ली, एजेंसियां। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गुजरात में श्री मोतीभाई आर चौधरी सागर सैनिक स्कूल (MRCSSS) और सागर ऑर्गेनिक प्लांट का उद्घाटन करते हुए देश के लिए एक बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पीपीपी (Public-Private Partnership) मॉडल के तहत देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने का निर्णय लिया है, जो युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए आधुनिक और अनुशासित शिक्षा प्रदान करेंगे।
मेहसाणा को बड़ा तोहफा
50 करोड़ रुपये की लागत से बना मोतीभाई चौधरी सैनिक स्कूल स्मार्ट क्लास, छात्रावास, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं और कैंटीन से लैस है। शाह ने कहा कि यह स्कूल मेहसाणा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर गुजरात के बच्चों के लिए सेना में करियर का नया अवसर बनेगा।
सागर ऑर्गेनिक प्लांट से किसानों को सीधा लाभ
इस कार्यक्रम में अमित शाह ने सागर ऑर्गेनिक प्लांट के महत्व पर भी जोर दिया। 30 मीट्रिक टन दैनिक क्षमता वाला यह संयंत्र NPOP और APEDA प्रमाणित है, जिससे उत्तर गुजरात के प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने में बड़ी मदद मिलेगी। इससे किसानों की आमदनी बढ़ने की उम्मीद है।उन्होंने कहा कि ऑर्गेनिक उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह प्लांट देश-दुनिया में अमूल ब्रांड की विश्वसनीयता को और मजबूत करेगा।
दूधसागर डेयरी की सफलता कहानी
अमित शाह ने बताया कि 1960 में प्रतिदिन 3,300 लीटर दूध एकत्र करने वाली दूधसागर डेयरी आज 35 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंच गई है। यह डेयरी गुजरात सहित छह राज्यों के 10 लाख से अधिक दूध उत्पादन समूहों से जुड़ी है। इसका कारोबार अब 8,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।उन्होंने यह भी कहा कि डेयरी क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और अमूल के 70% कारोबार में महिलाओं का योगदान है।
किसानों के लिए राहत और समर्थन
शाह ने कहा कि इस वर्ष गुजरात में बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों की मदद के लिए राज्य सरकार ने उदार राहत पैकेज लागू किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गुजरात सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी रहेगी।यह पहल शिक्षा, कृषि, डेयरी और ग्रामीण विकास को मजबूत करने की दिशा में सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में देखी जा रही है।
