CBSE board exams: आज से 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा शुरू

2 Min Read

CBSE board exams

नई दिल्ली, एजेंसियां। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं आज, 17 फरवरी 2026 से शुरू हो गई हैं। पहले दिन 10वीं के छात्रों का गणित का पेपर आयोजित किया जा रहा है, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों के लिए बायोटेक्नोलॉजी और शॉर्टहैंड की परीक्षा निर्धारित है। बोर्ड ने परीक्षा को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं और छात्रों को सख्ती से नियमों का पालन करने की सलाह दी है।

सुबह 10 बजे से पहले केंद्र पहुंचना अनिवार्य

सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि सभी छात्रों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 10 बजे या उससे पहले पहुंचना होगा, ताकि समय पर परीक्षा शुरू की जा सके। एडमिट कार्ड और स्कूल आईडी साथ लाना अनिवार्य है।

विषय कोड में गलती पड़ सकती है भारी

बोर्ड ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि छात्रों को केवल वही प्रश्नपत्र दिया जाए, जो उनके एडमिट कार्ड में दर्ज विषय और कोड के अनुसार हो। उदाहरण के लिए, गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक के प्रश्नपत्र अलग-अलग हैं। गलत विषय का पेपर मिलने या देने की स्थिति में छात्र को अनुपस्थित माना जा सकता है।

विषय से हटकर परीक्षा देने पर परिणाम रद्द

यदि कोई छात्र अपने एडमिट कार्ड में दर्ज विषय के अलावा किसी अन्य विषय की परीक्षा देता है, तो उस विषय में उसे “अनुपस्थित” घोषित किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित परीक्षा रद्द कर दी जाएगी और परिणाम उसी आधार पर तैयार होगा।

10वीं की परीक्षा अब साल में दो बार

इस वर्ष से 10वीं बोर्ड परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी। दूसरी परीक्षा 15 मई से 1 जून के बीच संभावित है, जिससे छात्रों को सुधार का एक अतिरिक्त अवसर मिलेगा।बोर्ड ने स्कूलों को भी निर्देश दिया है कि वे परीक्षा संबंधी सभी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article