रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गयी है। मंगलवार को देर शाम उन्हें चेन्नई एयरलिफ्ट किया गया। दरअसल मंगलवार की सुबह की उनकी तबीयत एकाएक खराब हो गयी, जिसके बाद उन्हें तुरंत पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम उन्हें बेहतर इलाज के लिए चेन्नई भेजा गया। एयरपोर्ट तक जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया था।
एयरपोर्ट पर शिक्षा मंत्री के पहुंचने से पहले सारे इमरजेंसी गेट खोल दिए गए थे, ताकि शिक्षा मंत्री सीधे चार्टर्ड प्लेन के लिए एयरपोर्ट के अंदर जा सकें। एयर एंबुलेंस में उनके बेटे दिवाकर महतो और एक डॉक्टर भी हैं। दोनों चेन्नई तक साथ जा रहे हैं।
सीएम हेमंत पहुंचे अस्पताल
इससे पहले जगरनाथ महतो की तबीयत के बारे में सुनकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी पारस अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उनकी तबीयत की जानकारी भी ली। फिर उन्होंने मंत्री के चेन्नई जाने की व्यवस्था किये जाने का निर्देश दिया।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से मंत्री जगरनाथ महतो को थोड़ी बहुत परेशानी आ रही थी। उनकी खराब तबीयत को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने भी उन्हें बैठकर ही प्रश्न के उत्तर देने और प्रश्न पूछने की इजाजत दी थी। होली के बाद उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिस कारण वे विधानसभा नहीं जा रहे थे।
बताते चलें कि साल 2021 में शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का लंग्स ट्रांसप्लांट हुआ है। लंग्स ट्रांसप्लांट के बाद लंबे समय तक वे डॉक्टर की निगरानी में चेन्नई में ही रहे थे।