रांची। ड़ुमरी उपचुनाव में जीत हासिल कर चुकीं बेबी देवी ने मंगलवार को विधानसभा की सदस्यता ग्रहण की। झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने विधायक बेबी देवी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन स्पीकर कक्ष में किया गया। शपथ ग्रहण में बड़ी संख्या में डुमरी से बेबी देवी के समर्थक विधानसभा आये थे। शपथ दिलाने के बाद स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने उनके सफल विधानसभा काल की कामना की और उनको बुके भेंट किया।
अधिकारिक तौर पर स्पीकर ने बेबी देवी के राज्य का विधानसभा सदस्य बन जाने जानकारी प्रेस को और वहां मौजूद सभी लोगों को दी।
डुमरी को जिला बनाने का होगा प्रयास
बेबी देवी ने इस मौके पर दिवंगत पति स्व जगरनाथ महतो को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि वह पति के सपनों को पूरा करने और झारखंड की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बेबी देवी ने डुमरी के विकास के लिए अलग से ध्यान देने की बात कही। कहा कि डुमरी उनकी प्राथमिकता में था और आगे भी रहेगा। उन्होंने कहा कि डुमरी को जिला बनाने का प्रयास वे करेंगी।
इसके लिए वे सीएम हेमंत सोरेन से बात करने वाली हैं। उनके ये कहते ही समर्थक विधानसभा कक्ष में स्व जगरनाथ महतो अमर रहे और बेबी देवी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे।