देवघर : झारखंड की सांस्कृतिक आध्यात्मिक राजधानी देवघर में शुक्रवार को चितौड़िया रोड स्थित थारी दुलमपुर माया पहाड़ के समीप भाजपा के जिला कार्यालय का भूमि पूजन सह शिलान्यास कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश तथा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने किया। कार्यक्रम में दीपक प्रकाश ने कहा कि देवघर झारखंड की सांस्कृतिक आध्यात्मिक राजधानी है। यह बाबा बैजनाथ की नगरी है। यह देश के कई मूर्धन्य सिद्ध संतों और महापुरुषों की भूमि है। ऐसे पावन पवित्र धरती पर भाजपा का जिला कार्यालय राष्ट्रवाद के प्रचार प्रसार का केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव अपने राष्ट्रवादी और अंत्योदय आधारित विचारों,कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त किया है। और इसे मूर्त रूप देने,धरातल पर उतारने में पार्टी के असंख्य कार्यकर्ताओं का त्याग,बलिदान और समर्पण शामिल है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के सुचारू संचालन केलिए सुविधा संपन्न कार्यालय आज की आवश्यकता है। इसलिए पार्टी ने सभी जिलों में अपना कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है।
श्री प्रकाश ने कहा कि प्रदेश भाजपा के 27 सांगठनिक जिलों में से 11 जिलों में नवनिर्मित अपना कार्यालय कार्य करने लग गया है जबकि देवघर सहित 8 जिलों में निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्यालय में कामकाज की आवश्यक सुविधाओं के साथ जिलाध्यक्ष एवम जिला पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था,सभा कक्ष और अतिथियों के लिए आवास की सुविधा भी है। उन्होंने कहा कि देवघर जिला कार्यालय देश भर के कार्यकर्ताओं का केंद्र बिंदु बनेगा।
यहां के कार्यकर्ताओं को देशभर से आनेवाले कार्यकर्ताओं की सेवा का अवसर मिलेगा। मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सांगठनिक विस्तार, कार्यकर्ताओं के विकास में विचारों, कार्यक्रमों की तरह कार्यालय का भी महत्व है। कार्यालय की गतिविधियां बाहर से आनेवाले कार्यकर्ताओं केलिए प्रेरणा बनती है। देवघर का जिला कार्यालय संथाल परगना क्षेत्र के कार्यकर्ता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
वहीं, स्वागत भाषण करते हुए विधायक नारायण दास ने कहा कि आज वर्षों की तपस्या और स्वप्न साकार हो रहा है। मैं सौभाग्यशाली हूं कि बाबा बैजनाथ की असीम कृपा से मुझे पार्टी कार्यालय के भूमि पूजन का अवसर मिला। उन्होंने पार्टी के केंद्रीय एवम प्रदेश नेतृत्व का आभार प्रकट करते हुए कहा कि देवघर के कार्यकर्ताओं के सहयोग से जिला कार्यालय संगठन की सभी अपेक्षाओं पर खरा उतरेगा। उन्होंने अंगवस्त्र देकर प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश,संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया।