रांची। राजधानी रांची समेत राज्य के अन्य जिलों में भी गर्मी का कहर बरकरार है। राज्य भर में तापमान लगातार चढ़ता दिख रहा है।
रांची में तो पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है और अब हीट वेव को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी भी जारी कर दी है।
मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक लोगों को सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक हीट वेव जारी रहेगी और लोगों को सतर्कता बरतने की जरूरत है।
वहीं राज्य के कुछ इलाकों में पारा 45 डिग्री के भी पर जा चुका है। मंगलवार को सबसे गर्म जिला पलामू दर्ज किया गया है। जहां तापमान 47 डिग्री के पार पहुंच गया।
पलामू बना झारखंड का सबसे गर्म इलाका
पलामू में गर्मी का कहर रिकॉर्ड्स तोड़ रहा है। बीते दिन मंगलवार को पलामू में तापमान ने कई दशकों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
मौसम विभाग के कई रिकॉर्ड्स के अनुसार, 6 मई 1978 को पलामू में मई माह का सबसे अधिक तापमान 47.8 डिग्री दर्ज किया गया था।
वहीं बीते दिन मंगलवार 28 मई 2024 को दूसरा सर्वाधिक तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अधिकारी कृष्णा कुमार ने बताया कि पलामू क्षेत्र में वर्ष 2023 में 26 मई को 45 डिग्री, 2022 में 30 अप्रैल को 46 डिग्री, 2021 में 29 मई को 43.2 डिग्री, 2020 में 26 मई को 44.8 डिग्री, 2019 में 1 जून को 46.7 डिग्री, 2018 में 8 मई को 44.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था।
इसे भी पढ़ें