Private photos leaked case
बेंगलुरु, एजेंसियां। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद संवेदनशील और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपनी ही बेटी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने अपनी बेटी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि युवती ने बिना अनुमति अपनी मां और परिवार की अन्य महिला सदस्य की निजी तस्वीरें और वीडियो बनाकर अपने कथित प्रेमी के साथ साझा किए।
पढ़ाई के बहाने लिया मोबाइल, शक होने पर खुला मामला
शिकायत के अनुसार, 23 वर्षीय युवती ने कुछ महीने पहले पढ़ाई की जरूरत का हवाला देकर अपने माता-पिता से मोबाइल फोन मांगा था। शुरुआत में परिवार को कोई संदेह नहीं हुआ, लेकिन करीब एक महीने पहले परिजनों ने उसे एक अनजान व्यक्ति से लगातार बातचीत करते हुए पकड़ लिया।
जब मां ने बेटी का फोन चेक किया, तो उसमें कुछ ऐसी निजी तस्वीरें और वीडियो मिले, जिन्हें देखकर परिवार स्तब्ध रह गया। मां का दावा है कि इनमें उनकी अपनी और एक अन्य महिला रिश्तेदार की निजी तस्वीरें शामिल थीं।
तस्वीरें लेने और साझा करने का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवती ने न केवल ये तस्वीरें खुद लीं, बल्कि उन्हें अपने कथित बॉयफ्रेंड के साथ भी साझा किया। इस बात के सामने आने के बाद परिवार में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों का यह भी कहना है कि कुछ हफ्ते पहले युवती उसी युवक के साथ घर से फरार हो गई और बाद में दोनों ने शादी कर ली।
पुलिस ने दर्ज किया केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। जांच के तहत युवती और उसके पति दोनों के मोबाइल फोन ज़ब्त कर लिए गए हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आरोपों में कितनी सच्चाई है और तस्वीरें कब, कैसे और किसके द्वारा साझा की गईं।
