Murder in Chandigarh
चंडीगढ़, एजेंसियां। हरियाणा के झज्जर जिले के बादली क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुरुग्राम स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में कार्यरत 26 वर्षीय डिप्टी मैनेजर महक कथूरिया की उसके ही पति अंशुल धवन ने हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। हत्या के बाद उसने घटना को लूटपाट का रूप देने की कोशिश की, लेकिन पुलिस पूछताछ में सच्चाई सामने आ गई।
रास्ते में हुआ विवाद, कैंची से किया हमला
पुलिस के अनुसार, हांसी निवासी महक अपने पति अंशुल के साथ रविवार रात हिसार से गुरुग्राम लौट रही थीं। बादली के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि अंशुल ने पहले कार के अंदर महक के साथ मारपीट की। इसके बाद वह उसे बाहर ले गया और ग्लव्ज पहनकर कैंची से उसके गले पर दो वार किए। गंभीर रूप से घायल महक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सबूत मिटाने की कोशिश, लूट की गढ़ी कहानी
हत्या के बाद आरोपी ने महक के गहने उतारकर पास के रजबहे में फेंक दिए ताकि मामला लूटपाट जैसा लगे। उसने राहगीरों से मदद मांगी और दावा किया कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस को शुरुआत से ही उस पर संदेह था। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।
पांच माह पहले शादी, मां बनने वाली थी महक
परिजनों के अनुसार, महक की शादी 25 सितंबर 2025 को हिसार निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट अंशुल धवन से हुई थी। वह दो माह की गर्भवती थी और परिवार में नए मेहमान के स्वागत की तैयारी चल रही थी। महक के भाई अक्षय ने बताया कि वह घर से हंसते हुए निकली थी और जल्द लौटने का वादा किया था। मां ने उसे जाते समय खाना बांधकर दिया और ख्याल रखने को कहा था।
परिवार ने लगाया साजिश का आरोप
महक के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही अंशुल उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। उनका कहना है कि यह हत्या अचानक नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश का परिणाम है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।













