यौन शोषण की नाकामी पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या, 18 वर्षीय पड़ोसी गिरफ्तार

3 Min Read

Software engineer murdered

बेंगलुरु, एजेंसियां। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 34 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही पड़ोस में रहने वाले 18 वर्षीय छात्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी युवती का यौन शोषण करने के इरादे से उसके फ्लैट में घुसा था और विरोध करने पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड

यह घटना 3 जनवरी की रात बेंगलुरु ईस्ट के सुब्रमण्यमपुरा इलाके के एक अपार्टमेंट में हुई। रात करीब सवा दस बजे पुलिस को सूचना मिली कि डीके शर्मिला नाम की सॉफ्टवेयर इंजीनियर के फ्लैट में आग लग गई है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन शर्मिला की झुलसने से मौत हो चुकी थी। शुरुआती जांच में इसे शॉर्ट सर्किट से हुआ हादसा माना गया।

हालांकि, पीड़िता के एक करीबी दोस्त की शिकायत के बाद राममूर्ति नगर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। फोरेंसिक जांच में बिजली खराबी के कोई सबूत नहीं मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि शर्मिला की मौत जलने से नहीं, बल्कि दम घुटने से हुई थी, जिसके बाद मामला हत्या में बदल गया।

तकनीकी सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस 18 वर्षीय करनाल कुरई तक पहुंची, जो PUC का छात्र और पीड़िता का पड़ोसी था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह 3 जनवरी की रात करीब 9 बजे स्लाइडिंग खिड़की के जरिए फ्लैट में घुसा। उसने शर्मिला से जबरन यौन संबंध बनाने की कोशिश की और विरोध करने पर उसका मुंह और नाक दबाकर गला घोंट दिया।

पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है

अपराध को छिपाने के लिए आरोपी ने बेडरूम में कपड़े और अन्य सामान इकट्ठा कर आग लगा दी, ताकि यह हादसा लगे, और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 64(2), 66 और 238 के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी तीन दिन की पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे जांच जारी है।

Share This Article