PNB financial fraud: पंजाब नेशनल बैंक में 2434 करोड़ रुपये का लोन फ्रॉड

2 Min Read

PNB financial fraud

नई दिल्ली, एजेंसियां। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) से जुड़ा एक और बड़ा लोन फ्रॉड सामने आया है। इसके बाद से ही बैंक के शेयरों पर असर पड़ने की आशंका है। बैंक ने रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए जानकारी दी है कि 2434 करोड़ रुपये के लोन को फ्रॉड घोषित किया गया है। इस मामले की सूचना भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को भी दे दी गई है।

बैंक अधिकारी के अनुसार

यह लोन फ्रॉड दो कंपनियों—SREI इक्विपमेंट फाइनेंस लिमिटेड (SEFL) और SREI इंफ्रास्ट्रक्चर फाइनेंस लिमिटेड (SIFL)—से जुड़ा हुआ है। बैंक के अनुसार, SEFL पर 1240.94 करोड़ रुपये और SIFL पर 1193.06 करोड़ रुपये का बकाया है। इन दोनों कंपनियों ने बैंक से लिए गए लोन की अदायगी नहीं की, जिसके बाद इसे फ्रॉड की श्रेणी में रखा गया।

PNB ने स्पष्ट किया

PNB ने स्पष्ट किया है कि उसने इन दोनों खातों के बकाया अमाउंट के लिए 100 प्रतिशत प्रोविजनिंग पहले ही कर दी है, जिससे बैंक की वित्तीय स्थिति पर तत्काल कोई अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा। बैंक ने यह भी बताया कि दोनों कंपनियों को नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के तहत कॉरपोरेट इनसॉल्वेंसी रिजॉल्यूशन प्रोसेस (CIRP) के जरिए पहले ही रिजॉल्व किया जा चुका है।

शेयर बाजार की बात करें तो शुक्रवार को PNB के शेयर दबाव में नजर आए और बीएसई पर 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 120.35 रुपये पर बंद हुए। हालांकि, लंबी अवधि में बैंक के शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। पिछले छह महीनों में इसमें करीब 13 प्रतिशत और साल 2025 में अब तक लगभग 17 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है। तकनीकी संकेतकों के मुताबिक फिलहाल स्टॉक न्यूट्रल जोन में बना हुआ है।

Share This Article