Nigerian drug smuggling case: ब्रेड की लोफ बनी ड्रग्स की ढाल, बेंगलुरु में 1.20 करोड़ की कोकीन के साथ नाइजीरियाई महिला गिरफ्तार

Satish Mehta
3 Min Read

Nigerian drug smuggling case

बेंगलुरु,एजेंसियां। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया है, जो ब्रेड की लोफ के अंदर कोकीन छिपाकर तस्करी कर रही थी। एंटी-नारकोटिक्स विंग ने गुप्त सूचना के आधार पर 29 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक ओलाजाइड एस्तर इयानुओलुवा को पकड़ा। आरोपी महिला मुंबई से बेंगलुरु तक निजी बसों के जरिए ब्रेड के भीतर छिपाकर कोकीन की खेप ला रही थी।

1.20 करोड़ रुपये की कोकीन जब्त

पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से कुल 121 ग्राम कोकीन बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जांच में सामने आया है कि कोकीन को ब्रेड की लोफ के अंदर खोखला हिस्सा बनाकर बेहद चालाकी से पैक किया गया था, ताकि सामान्य जांच में किसी को शक न हो।

मुंबई से बेंगलुरु तक फैला था नेटवर्क

जांच अधिकारियों के मुताबिक, महिला को मुंबई में एक पुरुष सहयोगी से कोकीन मिलती थी। इसके बाद उसे बेंगलुरु में एक अन्य नाइजीरियाई नागरिक को सीधे हाथों-हाथ सप्लाई करने का निर्देश दिया गया था, ताकि कूरियर या डाक के जरिए पकड़े जाने का खतरा न रहे। आरोपी निजी बसों से यात्रा कर ड्रग्स की तस्करी करती थी।

स्टूडेंट वीजा पर आई, पढ़ाई नहीं की

पुलिस ने बताया कि आरोपी पिछले साल छात्र वीजा पर नई दिल्ली आई थी, लेकिन उसने किसी भी शैक्षणिक संस्थान में दाखिला नहीं लिया। इसके बाद वह मुंबई और उसके उपनगरों घाटकोपर, अंबावाड़ी और नालासोपारा में लंबे समय तक रहकर ड्रग तस्करी में सक्रिय रही।

गुप्त सूचना से हुआ खुलासा

CCB को सूचना मिली थी कि महिला मुंबई से बेंगलुरु आकर वर्तूर इलाके में एक स्थानीय ड्रग पेडलर से मिलने वाली है। टीम ने योजना बनाकर उसे बेंगलुरु पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वर्तूर के पास मौजूद नाइजीरियाई खरीदार को भी पकड़ा गया, जिसे बाद में भारत से डिपोर्ट कर दिया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Share This Article