New York human trafficking case
वाशिंगटन, एजेंसियां। अमेरिका में भारतीय नागरिकों को अवैध तरीके से सीमा पार कराने के एक गंभीर मामले में न्यूयॉर्क की एक महिला पर मानव तस्करी का आरोप तय किया गया है। आरोपित महिला स्टेसी टेलर हाल ही में संघीय ज्यूरी के सामने पेश हुई, जहां मानव तस्करी से जुड़े कई मामलों पर सुनवाई जारी है।
स्टेसी टेलर पर आरोप
स्टेसी टेलर न्यूयॉर्क के प्लैट्सबर्ग की निवासी है। उस पर आरोप है कि उसने कनाडा के रास्ते भारतीयों समेत कई विदेशी नागरिकों को अवैध तरीके से अमेरिका की सीमा में दाखिल कराया। जनवरी 2025 में अमेरिकी बॉर्डर पेट्रोल ने टेलर की गाड़ी को क्यूबेक सीमा के पास पकड़ा था। गाड़ी से चार विदेशी नागरिक मिले थे, जिनमें तीन भारतीय और एक कनाडाई नागरिक शामिल था। सभी ने अमेरिका-कनाडा बॉर्डर को अवैध रूप से पार किया था।
जांच के दौरान खुलासा
जांच के दौरान अधिकारियों ने स्टेसी के फोन की जांच की, जिसमें कई मैसेज और डिजिटल सबूतों के आधार पर यह खुलासा हुआ कि वह पहले भी मानव तस्करी के ऐसे मामलों में शामिल रही है। अदालत ने अक्टूबर 2025 में उसके खिलाफ मानव तस्करी की साजिश रचने और अवैध रूप से विदेशियों को अमेरिका में दाखिल कराने के आरोप तय किए।
स्टेसी को जनवरी 2025 में गिरफ्तार किया गया था, जबकि सितंबर में उसके खिलाफ औपचारिक आरोपपत्र दाखिल हुआ। अभियोजन पक्ष के अनुसार, अगर वह दोषी पाई जाती है तो उसे प्रत्येक मानव तस्करी से जुड़े मामले में पांच साल तक की जेल हो सकती है। मामले की आगे की सुनवाई जारी है।







