Rohit Shetty firing case
मुंबई, एजेंसियां। मशहूर फिल्ममेकर Rohit Shetty के घर पर हुई फायरिंग के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। Mumbai Police की क्राइम ब्रांच ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। शूटर की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के बाद अब जांच का फोकस इस हमले के पीछे की साजिश और फंडिंग नेटवर्क पर है।
नेपाल से जुड़े फंडिंग के सुराग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग को अंजाम देने वाले शूटर्स को भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया गया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि खातों में रकम एटीएम के जरिए अलग-अलग स्थानों से जमा कराई गई। जांच एजेंसियों को इन लेन-देन में नेपाल से जुड़े फंडिंग के संकेत मिले हैं। आशंका है कि इस पूरी साजिश के लिए धनराशि नेपाल से भेजी गई, जिसे भारत में अलग-अलग मॉड्यूल के जरिए वितरित किया गया।
‘आगरा मॉड्यूल’ की भूमिका
तफ्तीश में ‘आगरा मॉड्यूल’ का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि आगरा के कुछ युवकों ने शूटर्स तक रकम पहुंचाने और लॉजिस्टिक सपोर्ट देने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह संगठित गिरोह का हिस्सा है या किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ मामला।
मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश
मुंबई क्राइम ब्रांच ने सभी संबंधित बैंकों से संदिग्ध खातों की स्टेटमेंट और सीसीटीवी फुटेज मांगी है, ताकि एटीएम के जरिए कैश जमा करने वाले अज्ञात व्यक्तियों की पहचान हो सके। फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन को ट्रेस करने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि साजिश कब और कहां रची गई थी तथा इसके पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।
हाई-प्रोफाइल केस में सख्त कार्रवाई
यह मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस बेहद सतर्कता से जांच कर रही है। अब तक की कार्रवाई में शूटर समेत कई सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, हमले के पीछे की असली वजह और साजिश के पूरे नेटवर्क का खुलासा अभी बाकी है।पुलिस का कहना है कि अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच जारी है। आने वाले दिनों में इस केस में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।








