Murder in Motihari:
मोतिहारी, एजेंसियां। मोतिहारी में विधानसभा चुनाव खत्म होते ही अपराधियों का आतंक एक बार फिर सिर उठाने लगा है। दरपा थाना क्षेत्र के तिनकोनी गांव में शुक्रवार सुबह VIP (विकासशील इंसान पार्टी) के प्रखंड अध्यक्ष कामेश्वर सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे कामेश्वर सहनी शौच से लौटकर दरवाजे पर हाथ धो रहे थे, तभी बाइक पर आए दो अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार:
मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा था। वह पहले नक्सली गतिविधियों से जुड़े रहते थे और उन पर आधा दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज थे। इसके बावजूद वह हाल के वर्षों में राजनीति से जुड़े और वीआईपी पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे।घटना की सूचना मिलते ही दरपा थाना पुलिस, आसपास के थानों की टीम, रक्सौल SDPO मनीष आनंद और प्रभारी एसपी विनय तिवारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर कई बिंदुओं पर काम किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हत्या की इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि राजनीतिक हलकों में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस इसे एक योजनाबद्ध हत्या मानते हुए जांच को आगे बढ़ा रही है।



