Moradabad murder case:
लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय युवक प्रिंस चौहान की उसके ही दोस्तों ने हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, यह वारदात महज इसलिए हुई क्योंकि प्रिंस ने दोस्तों के सामने माफी मांगने से इनकार कर दिया था। यह हत्या पुराने विवाद और एक वायरल वीडियो को लेकर रची गई साजिश का नतीजा थी।
पुलिस जांच में खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी प्रशांत उर्फ बंदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई दिनों पहले ही हत्या की योजना बना ली थी। प्रिंस की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी और उसे भरोसे में लेकर बाहर बुलाया गया। 8 दिसंबर की रात उसे घूमने के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
आरोपी का कबूलनामा
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि प्रिंस से नाराजगी एक पुराने अपमान से जुड़ी थी, जब एक दोस्त की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसी का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई। पुलिस अब तक इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की कड़ियां जुड़ रही हैं और जल्द ही सभी फरार आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।







