Murder in Maharashtra
सतारा, एजेंसियां। सतारा जिले के फलटण तहसील स्थित सोमनाथली गांव से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां प्रेम प्रसंग के चलते 27 वर्षीय युवक की बेहद निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से आरोपियों ने शव को लड़ी काटने वाली आरा मशीन से कई टुकड़ों में काटा और उन्हें अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पाटण तालुका के सोमथली निवासी सतीश के रूप में हुई है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़ों को बोरों में भरकर एक बोरा खेत के तालाब में और दूसरा निरा नदी में फेंक दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई सागर दडस ने 21 जनवरी को फलटण ग्रामीण पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि एक महिला के साथ मृतक के पहले प्रेम संबंध थे, लेकिन बाद में महिला का संबंध किसी और युवक से हो गया था। इसी को लेकर विवाद चल रहा था।
महिला ने कबूला अपराध
पूछताछ में महिला ने अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के दिन प्रेम संबंधों को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान महिला के पति लखन बुधावले और उसके पूर्व प्रेमी सतीश तुकाराम माने ने मिलकर युवक पर लोहे की रॉड से हमला किया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाने के बहाने विडणी के मंगोबा मॉल परिसर ले जाया गया, जहां सिर पर पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में महिला, उसके पति और पूर्व प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।







