Jaipur court security alert
जयपुर,एजेंसियां। जयपुर में शुक्रवार सुबह राजस्थान हाईकोर्ट में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कोर्ट प्रशासन को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। नियमित कामकाज के बीच जैसे ही यह मेल सामने आया, तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया। हाईकोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली कराया गया और वकीलों, कर्मचारियों और वादकारियों को बाहर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
कुछ ही मिनटों में पुलिस की कई टीमें, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड हाईकोर्ट पहुंच गए। पूरे परिसर को कई जोनों में बांटकर कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया गया। कोर्ट में चल रही सभी सुनवाई तत्काल रोक दी गई। हाईकोर्ट के बाहर भारी भीड़ और तनावपूर्ण माहौल देखने को मिला, जबकि पुलिस सुरक्षा घेरा बनाकर पूरे क्षेत्र को नियंत्रित करती रही।
लगातार मिल रही धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब राजस्थान में ऐसी धमकी मिली हो। पिछले सात महीनों से राज्य में लगातार ईमेल द्वारा बम धमकी के संदेश भेजे जा रहे हैं। अदालतों, धार्मिक स्थलों और सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाया जा चुका है। कल ही अजमेर दरगाह और कलेक्ट्रेट को ऐसी धमकी मिली थी, जो फर्जी निकली।पुलिस के अनुसार, अधिकतर मामलों में विदेशी सर्वर और नकली ईमेल आईडी का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जांच जटिल हो जाती है। इस मामले में भी साइबर टीम को सक्रिय किया गया है ताकि धमकी भेजने वाले की पहचान की जा सके।
परिसर सुरक्षित, कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली
सघन तलाशी अभियान में किसी संदिग्ध वस्तु के नहीं मिलने के बाद हाईकोर्ट परिसर को दोबारा खोल दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गंभीर परीक्षा साबित हुई है, लेकिन हर धमकी पर सतर्कता से कार्रवाई पुलिस की तत्परता को दर्शाती है।







