Fatehpur Mother Murder Case
फतेहपुर, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मालवा थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव में 23 वर्षीय युवक ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपनी ही मां की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पास बैठकर मां को तड़पता देखता रहा।
क्या है मामला?
मृतका की पहचान 43 वर्षीय माया देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक बड़ा बेटा अरविंद कुमार शराब का आदी है और अक्सर मां से पैसे मांगता था। वह नशे की हालत में घर पहुंचा और पैसे मांगने लगा। मना करने पर उसने घर में खड़ी मोटरसाइकिल के सॉकर/लोहे की रॉड से मां पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल माया देवी को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्या हुआ?
मृतका के देवर शिव पूजन के अनुसार, वारदात के बाद अरविंद वहीं बैठा रहा और मां को तड़पता देखता रहा। पड़ोसियों के पहुंचने पर वह मौके से फरार हो गया।
आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को दीवान के पूर्व मोड़ नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पिता रामचंद्र रैदास की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







