Nalanda dowry death: नालंदा में दिल दहला देने वाला कांड, दहेज के लिए गर्भवती बहू को जिंदा जलाया

3 Min Read

Nalanda dowry death

नालंदा, एजेंसियां। बिहार के नालंदा जिले से एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालवालों ने एक गर्भवती महिला को जिंदा जलाकर मार डाला। मृतका की पहचान स्तुति कुमारी के रूप में हुई है, जो दो महीने की गर्भवती थी। घटना के बाद से ससुराल के सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।

दहेज में सोने की चेन को लेकर विवाद

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि स्तुति कुमारी की शादी करीब 9 महीने पहले थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरमा गांव निवासी चिंटू कुमार उर्फ मणिकांत से हुई थी। शादी के समय सोने की चेन देने की बात तय हुई थी, लेकिन चेन नहीं मिलने पर ससुराल पक्ष लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा था।

पहले मारपीट, फिर जिंदा जलाया

परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी गर्भवती महिला के साथ मारपीट की गई थी। घटना के दिन पहले उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, इसके बाद उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी गई, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस क्रूर घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी ससुरालवाले फरार हो चुके थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

क्या बोले पुलिस अधिकारी

डीएसपी हिलसा शैलजा कुमारी ने बताया कि गर्भवती महिला को जलाकर हत्या किए जाने की सूचना मिली है। मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

समाज को झकझोरने वाली घटना

यह घटना एक बार फिर दहेज प्रथा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Share This Article