Buxar wedding incident
बक्सर, एजेंसियां। बिहार के बक्सर जिले में शादी समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक सनकी आशिक ने वरमाला के मंच पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार मल्लाह टोली की है, जहां मंगलवार रात शादी समारोह चल रहा था। जानकारी के अनुसार, बारात सुरेमनपुर (जिला बलिया) से आई थी। वरमाला के लिए दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे, तभी दीनबंधु नामक युवक भीड़ के बीच से निकलकर मंच पर पहुंचा और दुल्हन आरती कुमारी (पिता – नंद जी मल्लाह) को गोली मारकर फरार हो गया।
पेट में लगी गोली, हालत नाजुक
घायल दुल्हन को गोली नाभि के पास लगी। परिजन उसे तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर, Banaras Hindu University, वाराणसी रेफर कर दिया गया। वहां उसका इलाज जारी है और हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्रेम प्रसंग का मामला, आरोपी फरार
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी युवक पड़ोस का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसके माता-पिता को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी शराब से जुड़े मामले में जेल जा चुका है। घटना रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच हुई, जिसके बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और बारात बिना शादी के ही लौट गई। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
आरोपी के पिता का बयान
आरोपी के पिता ने बताया कि लड़की का घर उनके घर के पास है, लेकिन उन्हें बेटे के प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि यदि पहले पता होता तो दोनों की शादी करवा देते और यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।






