अंजू ने तो सोनम को भी पीछे छोड़ा, शादी के 3 महीने बाद ही प्रेमी संग मिलकर पति को मार डाला, ऐसे खुली पोल

5 Min Read

Anju kills husband with lover help

श्रीगंगानगर, एजेंसियां। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। इसने रिश्तों की पवित्रता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना की तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है। हनीमून पर गए राजा रघुवंशी की हत्या पत्नी सोनम ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी। नाटकीय ढंग से पति को मार डाला

श्रीगंगानगर में नवविवाहिता अंजू ने शादी के महज 3 महीने बाद ही प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी और पूरे मामले को सड़क दुर्घटना यानी हिट एंड रन दिखाने की कोशिश की।

ऐसे रचा ड्रामा

घटना 30 जनवरी की रात करीब 9 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि अनूपगढ़ रोड पर रावला थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक दंपती बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी अंजू उर्फ अंजली सुरक्षित पाई गई।

गहने लूटने की शिकायत की अंजू ने

शुरुआत में अंजू ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और बदमाश उसके सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। हालांकि, जांच की दिशा जल्द ही बदल गई। गंगानगर एसपी अमृतु दुहान के अनुसार, क्राइम सीन की बारीकी से जांच और एफएसएल टीम की रिपोर्ट से साफ हो गया कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं था।

मेडिकल रिपोर्ट ने कर दिया खुलासा

मेडिकल रिपोर्ट ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। आशीष के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए थे और सबसे अहम बात यह कि उसकी मौत गला घोंटने से हुई थी। वहीं, जिस पत्नी के साथ हादसा होने की कहानी गढ़ी गई थी, उसके शरीर पर खरोंच तक नहीं थी। यही नहीं, घटनास्थल के हालात भी सड़क दुर्घटना की थ्योरी से मेल नहीं खा रहे थे।

पुलिस ने की कॉल डिटेल की जांच

पुलिस को शक और गहराया तो अंजू के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले गए। जांच में सामने आया कि वह सादुलशहर निवासी अपने पुराने प्रेमी संजू के लगातार संपर्क में थी। पूछताछ के दौरान यह भी पता चला कि 23 वर्षीय अंजू अपनी शादी से खुश नहीं थी और पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने पहले से साजिश रच रखी थी।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कुछ समय पहले अंजू अपने माता-पिता के घर सादुलशहर गई थी, जहां उसने अपने प्रेमी संजू और उसके दो साथियों रॉकी उर्फ रोहित तथा बादल उर्फ सिद्धार्थ के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। अंजू को पता था कि उसका पति आशीष रात के खाने के बाद टहलने निकलता है। उसी योजना के तहत वह उसे जानबूझकर एक सुनसान सड़क की ओर ले गई।

वारदात को लूट दिखाने की कोशिश की

जैसे ही दोनों उस रास्ते पर पहुंचे, पहले से झाड़ियों में छिपे संजू और उसके साथियों ने आशीष पर हमला कर दिया। पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की गई, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात को लूट और सड़क हादसे का रूप देने के लिए अंजू ने खुद अपने झुमके और मोबाइल फोन आरोपियों को सौंप दिए।

पुलिस ने सभी आरोपियों को किया गिरफ्तार

तेज़ी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी पत्नी अंजू, उसके प्रेमी संजू और दोनों साथियों रॉकी उर्फ रोहित व बादल उर्फ सिद्धार्थ को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान अंजू लगातार अपने बयान बदलती रही, लेकिन मोबाइल रिकॉर्ड, मेडिकल रिपोर्ट और एफएसएल जांच जैसे तकनीकी सबूतों के सामने वह टूट गई।

आरोपियों से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Share This Article
Exit mobile version