Rape case DNA test
मुंबई, एजेंसियां। मुंबई के एक पाश इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत और रिश्तों दोनों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक 20 वर्षीय युवती के साथ उसके ही पिता द्वारा लंबे समय तक रेप किए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। युवती के गर्भवती होने के बाद हुई DNA जांच में यह साफ हो गया कि गर्भ में पल रहा भ्रूण उसी पिता का था। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पेट दर्द की शिकायत से खुला खौफनाक सच
यह मामला सितंबर 2025 में उस समय उजागर हुआ, जब युवती ने अपनी दादी से पेट में अजीब बेचैनी और हलचल की शिकायत की। युवती बोलने में असमर्थ बताई जा रही है और उसने इशारों में पेट में कुछ रेंगने जैसा महसूस होने की बात कही। परिजनों ने उसे तुरंत जांच के लिए मुंबई के कामा एंड अल्बलेस अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में की गई जांच के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि युवती करीब पांच महीने की गर्भवती है। यह जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने कानून के तहत तुरंत पुलिस को सूचित किया।
पिता ने झाड़ा पल्ला
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन युवती न तो बयान देने की स्थिति में थी और न ही शुरुआत में शिकायत दर्ज कराना चाहती थी। पुलिस ने जब पिता से पूछताछ की तो उसने अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उसे नहीं पता उसकी बेटी गर्भवती कैसे हुई। उसने शिकायत दर्ज कराने से भी इनकार कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने युवती की काउंसलिंग करवाई। काउंसलिंग के बाद वह मानसिक रूप से शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार हुई और पुलिस को अपना बयान दिया।
17 संदिग्धों का DNA टेस्ट, नतीजे ने पुलिस को चौंकाया
बयान के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और शुरुआत में दो लोगों को हिरासत में लिया। इसके साथ ही संभावित आरोपी की पहचान के लिए पिता सहित कुल 17 संदिग्धों के DNA सैंपल लिए गए। भ्रूण के जेनेटिक डेटा की तुलना सभी सैंपलों से की गई।
27 जनवरी को आई DNA रिपोर्ट ने सभी को स्तब्ध कर दिया। रिपोर्ट में सिर्फ एक ही DNA मैच पाया गया और वह युवती के पिता का था। इससे यह पुष्टि हो गई कि दुष्कर्म का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना पिता ही था और गर्भ में पल रहा बच्चा भी उसी का था।
आरोपी पिता गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
DNA रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पीड़िता को हर संभव कानूनी और मानसिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
यह घटना न सिर्फ कानून व्यवस्था के लिए चुनौती है, बल्कि समाज के लिए भी एक डरावना आईना है, जहां रिश्तों की मर्यादा को कुचलकर हैवानियत की हदें पार की गईं।



















