बिना बुर्का मायके जाने से नाराज पति ने की पत्नी और दो बेटियों की हत्या, गड्ढे में दबाए शव

2 Min Read

Murder in Lucknow

लखनऊ, एजेंसियां। उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या कर दी। आरोप है कि पत्नी के बिना बुर्का पहने मायके जाने से वह नाराज था और इसी बात को लेकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस के अनुसार

पुलिस के अनुसार आरोपी फारुख अपनी पत्नी ताहिरा (32) और बच्चों के साथ गांव में रहता था। बीते कुछ दिनों से पत्नी और दो बेटियां लापता थीं। जब परिजनों को फारुख की बातों पर शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में बने गहरे गड्ढे की खुदाई कर पत्नी और दो बेटियों के शव बरामद किए। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की गई। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और कट्टर सोच के कारण इस वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे आगे पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Share This Article