वायनाड (केरल): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता जे पी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल कांग्रेस, वाम दल और अन्य सहयोगी ‘वैचारिक रूप से दिवालिया’ हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि ये विपक्षी दल दिल्ली के बाहर एक दूसरे से चुनावी लड़ाई लड़ रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा का विरोध करने के लिए सौहार्दपूर्ण रिश्ता रखते हैं।
नड्डा ने कहा, ”राहुल गांधी, कांग्रेस, माकपा और भाकपा के दोहरे मानदंड और पाखंड यहां दिखाई देते हैं।
भाकपा महासचिव डी राजा की पत्नी (एनी राजा) एनडीएफ उम्मीदवार के रूप में राहुल गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।”
उन्होंने कहा, ”हालांकि, दिल्ली में डी राजा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के बीच बैठते हैं। वे वैचारिक रूप से दिवालिया हैं और उसका परिणाम यहां दिखाई दे रहा है।”
ईवीएम में कोई खामी नहीं हुई तो भाजपा को 180 से अधिक सीट नहीं मिलेंगी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को तब ईवीएम से कोई दिक्कत नहीं होती जब उनकी पार्टी कर्नाटक में या अन्य जगह चुनाव जीत जाती है।
प्रियंका और उनके भाई राहुल को ‘राजनीतिक पर्यटक’ करार देते हुए नड्डा ने कहा, ”वे चुनाव में आते हैं और गायब हो जाते हैं. आप उनके बयान गंभीरता से कैसे ले सकते हैं?”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”जब वे कर्नाटक में जीत जाते हैं तो उन्हें ईवीएम से कोई शिकायत नहीं है।
जब वे पांच साल तक राजस्थान में शासन करते हैं तो उन्हें ईवीएम से कोई समस्या नहीं थी।”
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दक्षिणी राज्यों में भाजपा की उपस्थिति जोरदार रहेगी।
इसे भी पढ़ें
इंटरग्लोब, आर्चर एविएशन की भारत में इलेक्ट्रिक एयर टैक्सी सेवा शुरू करने की योजना