रांची। बिरसा चौक स्थित होटल रासो पूरे प्रदेश की सियासत का केंद्र बना हुआ है। यहां कांग्रेस के सभी नाराज विधायक सुबह से ही जमा हैं और दिल्ली जाने की तैयारी कर रहे हैं।
वहीं अब नाराज विधायकों को मनाने मुख्यमंत्री चंपई सोरेन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ वहां पहुंच गये हैं। उनसे पहले मंत्री बसंत सोरेन भी वहां पहुंचे हुए हैं।
वहीं, प्रदेश प्रभारी मीर अहमद तो पहले से ही विधायकों को समझाने की कोशिश में जुटे हैं। होटल के अंदर कमरे में मुख्यमंत्री सह प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष नाराज विधायकों ने अपना दुखड़ा खुल कर सुनाया।
कुछ कांग्रेस कोटे के मंत्रियों का नाम लेकर कहा कि वे हमारा फोन तक नहीं उठाते। ऐसे में हम क्षेत्र की जनता की समस्या कैसे दूर करेंगे।
क्षेत्र की जनता को क्या मुंह दिखायेंगे। विधायकों की नाराजगी सुन मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी कोई भी समस्या हो, वे सीधे उन्हें फोन लगायें, उन्हें बतायें, सबकी बात वह खुद सुनेंगे।
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि वह दिल्ली जा रहे हैं। इस संबंध में आलाकमान से बात करेंगे, क्योंकि ये आलाकमान का ही फैसला है।
कुछ नाराज विधायकों ने यह भी कहा कि परफार्मेंस की बात हुई थी। जिस मंत्री का भी प्रदर्शन ठीक नहीं है, उसे हटाया क्यों नहीं गया, नये लोगों को भी मौका देना चाहिए।
मान मन्नवल का दौर अभी जारी है। नाराज विधायक दिल्ली जाने की जिद पर अड़े हैं।
इसे भी पढ़ें
झामुमो से भी बगावत की आवाज, बैद्यनाथ राम के बाद सीता सोरेन भी मुखर