Stock Market:
मुंबई, एजेंसियां। घरेलू शेयर बाजार ने सोमवार को मामूली गिरावट के साथ ट्रेडिंग सत्र पूरा किया। बीएसई सेंसेक्स 64.77 अंक (0.08%) गिरकर 85,641.90 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 50 इंडेक्स 27.20 अंक (0.10%) फिसलकर 26,175.75 पर बंद हुआ। यह गिरावट ऐसे समय दर्ज हुई है जब पिछले ही हफ्ते दोनों प्रमुख इंडेक्स ने अपना-अपना ऐतिहासिक उच्चस्तर छुआ था सेंसेक्स 86,055.86 और निफ्टी 26,310.45 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुँचा था।
आज के कारोबार में उतार-चढ़ाव हावी रहा। सेंसेक्स की 30 में से 14 कंपनियों ने दिन का अंत हरे निशान पर किया, जबकि 16 लाल निशान में रहीं। निफ्टी 50 में भी बिल्कुल ऐसा ही संतुलन दिखा 25 स्टॉक्स बढ़े और 25 गिरे।
कौन-से शेयर रहे मजबूत?
सेंसेक्स में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) सबसे बड़ा गेनर रहा, जिसके शेयर 1.86% चढ़े। इसके अलावा मारुति सुजुकी (1.37%), BEL (1.32%), कोटक महिंद्रा बैंक (1.21%), अडाणी पोर्ट्स (1.03%), HCL टेक, टेक महिंद्रा, NTPC, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील और इन्फोसिस जैसे शेयर भी बढ़त में रहे।
कौन-से शेयर टूटे?
सबसे ज्यादा गिरावट बजाज फाइनेंस में रही, जो 1.77% टूटकर बंद हुआ। इसके अलावा सन फार्मा (1.15%), ट्रेंट, M&M, SBI, भारती एयरटेल, HDFC बैंक, टाइटन, एशियन पेंट्स, HUL, L&T, TCS, ITC और रिलायंस हल्की गिरावट के साथ बंद हुए।मिले-जुले ग्लोबल संकेतों और पिछले हफ्ते की तेज उछाल के बाद बाजार में आज हल्की मुनाफावसूली देखने को मिली। आने वाले सत्रों में घरेलू आर्थिक आंकड़े और वैश्विक मार्केट ट्रेंड बाजार की दिशा तय करेंगे।

















