Stock market: शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 218 अंक चढ़ा, निफ्टी 26100 के ऊपर

3 Min Read
Stock market: मुंबई, एजेंसियां। वैश्विक सकारात्मक संकेतों के बीच सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूती के साथ शुरुआत की।

Stock market:

मुंबई, एजेंसियां। सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को शेयर बाजार तेजी के साथ खुला। आईटी शेयरों और मजबूत वैश्विक बाजार रुझानों के चलते सोमवार को शुरुआती कारोबार में बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 218.44 अंक चढ़कर 85,450.36 अंक पर पहुंच गया। 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 69.4 अंक बढ़कर 26,137.55 अंक पर पहुंच गया। बैंकों द्वारा अमेरिकी डॉलर की बिकवाली और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण रुपया सोमवार को रिकॉर्ड निचले स्तर से उबर गया और शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले 49 पैसे बढ़कर 89.17 पर पहुंच गया।सेंसेक्स की कंपनियों में टेक महिंद्रा, इंफोसिस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक और मारुति सबसे ज्यादा लाभ में रहीं।वहीं, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, इटर्नल, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स पिछड़ने वालों में शामिल रहे।

एशियाई बाजारों में दिखी बढ़त:

एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे, जबकि शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक नीचे कारोबार कर रहा था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए।

क्या रहा भारतीय बाजारों का हाल?

मेहता इक्विटीज लिमिटेड के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा कि कमजोर वैश्विक संकेतों और एआई व तकनीकी मूल्यांकन में आई तेजी को लेकर बढ़ी चिंता के कारण शुक्रवार को निफ्टी में गिरावट आई। इससे सूचकांक घबराहट भरे बंद के बाद कमजोर नजर आया। साथ ही, वॉल स्ट्रीट में एआई से प्रेरित तेजी, संभावित अमेरिका-भारत व्यापार समझौते को लेकर आशावाद, अक्तूबर में 0.25 प्रतिशत की मुद्रास्फीति में कमी, न्यूयॉर्क फेड की सकारात्मक टिप्पणियां और कच्चे तेल की गिरती कीमतें भारत के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

ब्रेंट क्रूड का भाव गिरकर 62.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा:

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.10 प्रतिशत गिरकर 62.50 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,766.05 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 3,161.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। शुक्रवार को सेंसेक्स 400.76 अंक या 0.47 प्रतिशत गिरकर 85,231.92 पर बंद हुआ। निफ्टी 124 अंक या 0.47 प्रतिशत गिरकर 26,068.15 पर बंद हुआ।

Share This Article