Gold and silver prices
नई दिल्ली, एजेंसियां। मजबूत वैश्विक मांग और फेडरल रिजर्व की अंतिम नीति बैठक से पहले सतर्क रुख के बीच 8 दिसंबर यानी सोमवार को सोने की कीमत में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर फरवरी 2026 अनुबंध के लिए सोना वायदा 176 रुपये बढ़कर ₹1,30,638 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
वहीं पिछले सप्ताह भारी तेजी देखने के बाद सोमवार को चांदी में गिरावट आई। चांदी का वायदा भाव 808 रुपये घटकर ₹1,82,600 प्रति किलोग्राम पर आ गया। इससे पहले शुक्रवार को चांदी ने ₹1,85,234 प्रति किलोग्राम का रिकॉर्ड छुआ था।
विशेषज्ञों के अनुसार
फेड की नीति बैठक से पहले निवेशकों की सतर्कता सोने की मांग बढ़ा रही है। चांदी में शुरुआती मुनाफावसूली दिखी, लेकिन कम भंडार और 2026 तक संभावित घाटे के अनुमान से मजबूती बनी रहेगी। औद्योगिक मांग और ETF इनफ्लो भी चांदी को सपोर्ट कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना स्थिर रहा और कॉमेक्स पर फरवरी डिलीवरी वाला सोना $4,244.2 प्रति औंस पर ट्रेड हुआ। वहीं चांदी 0.54% गिरकर $58.73 प्रति औंस पर पहुंची। फेडरल रिजर्व की नीति बैठक, अमेरिकी फैक्ट्री ऑर्डर और अन्य आर्थिक आंकड़ों से इस सप्ताह सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।






