Gold Silver Price Today: सोना-चांदी में जोरदार गिरावट, सिल्वर ₹24,000 और गोल्ड ₹8,000 टूटा

2 Min Read

Gold Silver Price Today

नई दिल्ली, एजेंसियां। लगातार रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद शुक्रवार को सोना और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों की मुनाफावसूली और बाजार में करेक्शन के चलते दोनों कीमती धातुएं अचानक फिसल गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही सोना और चांदी लाल निशान में आ गए।

चांदी की कीमतों में गिरावट

सबसे बड़ी गिरावट चांदी की कीमतों में देखने को मिली। MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी का भाव करीब 24,000 रुपये टूटकर 3,75,900 रुपये प्रति किलो पर आ गया। एक दिन पहले ही चांदी ने पहली बार 4 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर पार किया था और 3,99,893 रुपये पर बंद हुई थी। चांदी का लाइफ टाइम हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा, जहां से एक ही सत्र में करीब 44,000 रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई।वहीं सोने की कीमतों में भी तेज कमजोरी देखने को मिली। MCX पर सोना करीब 8,000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हो गया। हालांकि गिरावट के बावजूद सोना अब भी अपने ऑल टाइम हाई के आसपास कारोबार कर रहा है।

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार

ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, गुरुवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 1,83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था, जबकि चांदी 4,04,500 रुपये प्रति किलो तक चढ़ी थी। जनवरी में अब तक सोने की कीमतों में 24 प्रतिशत से अधिक और चांदी में करीब 62 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हल्की नरमी देखने को मिली। कॉमेक्स पर सोना फिसलकर 5,412 डॉलर प्रति औंस और चांदी 117.45 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। विश्लेषकों के मुताबिक, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता, भू-राजनीतिक तनाव और केंद्रीय बैंकों की नीतियों को लेकर असमंजस के कारण कीमतों में तेज उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

Share This Article